Menu
blogid : 25396 postid : 1315810

खतरनाक खेल

सुनो दोस्तों
सुनो दोस्तों
  • 51 Posts
  • 3 Comments

खतरनाक खेल
(१)
बहुत खतरनाक और बारीक खेल है ये
मुल्क की बिसात पर यह खेल नशे में ही खेला जाता है |
खेल अभी चालू है
और खिलाड़ी नशे में है |
आदमी पर लगाकर मुहर
मोहरा बनाया जाता है |
मोहरा अब खिलाड़ियों के साथ
खेल में शरीक है |
मोहरा
चौखाने में रहने को सौभाग्य
अटकने को चुनौती
सरकने को पौरुष
मरने को उत्सर्ग
समझता है |
खेल में सदा होने को तरसता है
खेल में रह पाने से इतराता है |
राज की बात है
मोहरा खेल का ही हिस्सा है |
जालसाजी और चालबाजी के इस खेल को
उस्तादों के उस्ताद खेलते हैं |
बहुत खतरनाक और बारीक खेल है ये
मुल्क की बिसात पर यह खेल नशे में ही खेला जाता है |
खेल अभी चालू है
और खिलाड़ी नशे में है |
(२)
इस खेल में
अर्थ की व्यवस्था खुली खुली होती है
व्यवस्था के अर्थ तंग |
इस खेल की जड़ें
हमारी सभ्यता में हैं
और पत्तियाँ संस्कृति में |
इस खेल में
लड़की है तो भट्टा भी है
जड़ें है तो मट्ठा भी है
क्या नहीं है इसमें ?
हंसी है मजाक है ठट्टा भी है
तोप है बन्दूक है कट्टा भी है
शाखों पर उल्लू हैं तो
उल्लू का पट्ठा भी है |
इस खेल में
व्यक्ति है समाज है
कौन कहता है कि
सत्ता नहीं है
ताज है तख़्त है
पर हाँ ! तख्ता नहीं है |
इस खेल में एक बात है
जब जब शह दी जाती
तब मोहरे की ही सिर्फ मात है |
बहुत खतरनाक और बारीक खेल है ये
मुल्क की बिसात पर यह खेल नशे में ही खेला जाता है |
खेल अभी चालू है
और खिलाड़ी नशे में है |
(३)
इस खेल में दुनिया को
बाज़ार बाज़ार खेलते हैं
कभी बुदबुदाकर
धंधा धंधा धंधा
कभी चिल्लाकर
व्यापार व्यापार व्यापार बोलते हैं |
इसमें , मोहरा तो बस मोहरा है
पर
खिलाड़ी खरीददार ही हो सकता है |
हर खरीददार का
अपना निजी घाट होता है
इसमें क्या वादी क्या प्रतिवादी
क्या नेता क्या आतंकवादी
जो भी प्यासे हैं या रीते हैं
पानी एक घाट का पीते हैं |
यह बहुत बड़ी एक मंडी है
जहां तराजू नहीं एक डंडी है
तोलमोल के बोल सदा है
आदमी की औकात नहीं है
सारी चीजें बिकनेवाली
स्नेह भरी सौगात नहीं है |
इस खेल की एक मात्र शर्त है –
टालें भरसक टालें
कुछ मेरे हवाले
कुछ तेरे हवाले
घटना से काण्ड तक विस्तारवादी
निस्सीम निरंकुश
बहुत खतरनाक और बारीक खेल है ये
मुल्क की बिसात पर यह खेल नशे में ही खेला जाता है |
खेल अभी चालू है
और खिलाड़ी नशे में है |
(४)
इस खेल में
तब बड़ा मजा आता है
जब मुल्क हमाम
और हमाम अखाड़ा हो जाता है |
हमाम में
लंगोटियों और टोपियो की
बोलियाँ खेली जाती है
अखाड़े में
रुतबे और कायदे की
कुश्ती कराई जाती है
खेल हो जाने पर
ख़ास होली ख़ास दिवाली मनाई जाती है
चाहे होली हो या दिवाली
दोनों चिंगारियों से निपटाई जाती है |
इस खेल में हैरतअंगेज सनसनी है
अदभुत रोमांच है
मोहरा बेशक मरता है पर कभी मारता नहीं
और खिलाड़ी
ताउम्र जीतता है कभी हारता नहीं |
हारजीत के
इस निर्णयकारी मोड़ पर
मारकर धक्का
मोहरे गिरा देता है
बिसात उलटा देता है |
अस्त व्यस्त मोहरों का
और उल्टी पडी बिसात का
बहुत खतरनाक और बारीक खेल है ये
मुल्क की बिसात पर यह खेल नशे में ही खेला जाता है |
खेल अभी चालू है
और खिलाड़ी नशे में है |

Read Comments

    Post a comment

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    CAPTCHA
    Refresh